Lohardaga news: लोहरदगा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाते हुए कई होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और फास्ट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान कचहरी मोड़ स्थित झारखंडी मटन होटल में साफ-सफाई बेहतर रखने तथा ढक्कनदार डस्टबिन का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। मैना बगीचा स्थित दिलीप होटल एवं अदिति भोजनालय में पनीर और रसगुल्ले की गुणवत्ता की जांच की गई।

रसगुल्ले में स्टार्च, मैदा और अरारोट का उपयोग कम करने की हिदायत दी गई, जबकि अदिति भोजनालय में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिलने पर नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स वेल्वेट केक एंड मोर में एक्सपायरी कुकीज और बिस्किट बरामद हुए, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया। वहीं नदिया स्थित मेसर्स सुधीर फास्ट फूड में एक्सपायरी मायोनिज मिलने पर उसे भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विकास साहु फास्ट फूड स्टॉल के संचालक को खाद्य तेल के सुरक्षित एवं सही उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी संचालकों को बिना एफएसएसएआई लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित नहीं करने, केवल अनुमोदित खाद्य रंगों का प्रयोग करने, एप्रन एवं हेड कवर पहनकर कार्य करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता और प्रतिष्ठान की साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी नियमित जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में विशेष दंडाधिकारी मनीष कुमार, अंचल निरीक्षक, नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी विश्वनाथ गगराई तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी मौजूद थे।

Share.
Exit mobile version