Deoghar News: देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे सुरक्षाबल को हिला दिया। JAP-5 के हवलदार शिवपूजन पाल की AK-47 राइफल से अचानक हुए ब्रस्ट फायर में मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब हवलदार शूटिंग रिंग में अपनी सर्विस राइफल को चार्ज कर रहे थे।

एक साथ निकले कई राउंड, गर्दन में लगी 6–7 गोलियां

जानकारी के मुताबिक, राइफल को ऑपरेशनल मोड में लाने के दौरान अचानक ब्रस्ट फायर हो गया। AK-47 से एक ही पल में कई राउंड निकल गए और गोलियां सीधा शिवपूजन पाल की गर्दन पर जाकर लगीं। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना तेज था कि आसपास मौजूद जवान भी कुछ समझ नहीं पाए।

भभुआ के रहने वाले थे हवलदार, पुलिस ने शुरू की जांच

मृतक हवलदार शिवपूजन पाल मूल रूप से बिहार के भभुआ के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही मोहनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

अधिकारियों ने बताया कि राइफल से अचानक ब्रस्ट फायर किन वजहों से हुआ- तकनीकी खराबी, हैंडलिंग या किसी और कारण से- इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षाबलों में राइफल हैंडलिंग के नियम बेहद कड़े होते हैं, इसलिए इस तरह की घटना को गंभीर चूक माना जाता है। फिलहाल पुलिस और JAP-5 अधिकारी पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Share.
Exit mobile version