फॉण्ट कनवर्टर NEW

जुगसलाई नगर परिषद चुनाव पर विवाद, रद्द करने की मांग

Jamshedpur News: नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को संपन्न मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत अब मत पेटियों में बंद हो चुकी है। मतगणना 27 फरवरी को निर्धारित है, लेकिन परिणाम आने से पहले ही जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद को लेकर सियासी

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News:  नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को संपन्न मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत अब मत पेटियों में बंद हो चुकी है। मतगणना 27 फरवरी को निर्धारित है, लेकिन परिणाम आने से पहले ही जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच उत्सुकता के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।

मंगलवार को भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस पहुंचीं और चुनाव रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंदी प्रत्याशी नौशीन खान के समर्थकों द्वारा कई मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की गई। रिंकू सिंह का कहना है कि उनके पोलिंग एजेंटों के साथ मारपीट की गई और कुछ बूथों पर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध बताते हुए चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चुनाव रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करेंगी।

दूसरी ओर, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष और प्रत्याशी नौशीन खान के पति हिदायतुल्लाह खान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर बूथों पर अवरोध उत्पन्न कर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए और अनावश्यक विवाद से बचना चाहिए। हिदायतुल्लाह खान ने अपने समर्थकों और टीम के सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए दावा किया कि जनता का समर्थन उनके साथ है और उन्हें अपनी जीत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अब केवल आधिकारिक परिणाम की घोषणा शेष है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। मतगणना से पहले जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है और सभी की निगाहें अब 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram