Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रिश्तों के खून की एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के पटेलनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक कलयुगी छोटे भाई ने मामूली कहासुनी के बाद अपने सगे बड़े भाई की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सनसनी फैल गई है। वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। इधर हाईवे जाम करने वालों पर भी एक्शन की तैयारी है।

Read more: गुरु, गैंग और ग्लैमर: जमशेदपुर से देहरादून तक विक्रम शर्मा की अधूरी सत्ता-कथा

माता-पिता की गैरमौजूदगी में हुआ खूनी खेल

जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त मृतक सोहेल का छोटा भाई घर में मौजूद था, जबकि उनके माता-पिता इन दिनों हज यात्रा पर गए हुए हैं। घर में माता-पिता की गैरमौजूदगी के दौरान दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि नशे की हालत में धुत्त छोटे भाई ने तैश में आकर अपने बड़े भाई सोहेल पर सीधे गोली चला दी। गोली लगने के कारण सोहेल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुस्साए लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम

घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। वारदात की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस संवेदनशील घटना से गुस्साए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर पास के हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर बमुश्किल जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि नयागांव के भुड्डी वाला क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तुरंत मौके का मुआयना किया। फील्ड यूनिट और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

Read more: विक्रम शर्मा: ट्रांसपोर्टर से गैंगस्टर तक का सफर, सामाजिक चेहरा गढ़ने की कोशिश और देहरादून में खूनी अंत

शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने साफ किया कि जिन लोगों ने कानून व्यवस्था को हाथ में लेकर हाईवे जाम किया था, उनके खिलाफ भी पुलिस अलग से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर सख्त कार्रवाई करेगी। हत्या के मुख्य कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं और पारिवारिक विवाद के एंगल को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

देहरादून में लगातार दूसरे दिन हत्या से हड़कंप

गौरतलब है कि देहरादून में लगातार दूसरे दिन यह हत्या की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले शनिवार को ही देहरादून के बैरागीवाला गांव में खेत की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक राजनीतिक कार्यकर्ता विनोद की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके परिवार के तीन सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उस मामले में लाठी-डंडों और हथौड़ों से लैस दर्जनों लोगों ने घर में घुसकर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके घरों के अवैध हिस्सों को ढहा दिया था। लगातार हो रही इन हिंसक घटनाओं के बाद राजधानी में पुलिस की गश्त और सतर्कता को और कड़ा कर दिया गया है।

Read more: देहरादून में जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की हत्या: मॉल के बाहर ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां

Share.
Exit mobile version