रांची/जामताड़ा: झारखंड की माटी की बेटी और युवा निशानेबाज देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अचूक निशानेबाजी से देश और राज्य का मान बढ़ाया है। थाईलैंड में आयोजित ‘थर्ड इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप-2026’ में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद, मंगलवार को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया।

इस भावुक और गौरवान्वित करने वाले पल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बेहद सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बीच देवासी ने जो मुकाम हासिल किया है, वह मिसाल है। उन्होंने साबित कर दिया कि झारखंड के ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और थोड़े से सहयोग की दरकार है।

मजदूरी करने वाले पिता की लाडली ने रचा इतिहास

जामताड़ा जिले की रहने वाली देवासी एक बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता मजदूरी करके किसी तरह घर का चूल्हा जलाते हैं। ऐसे में शूटिंग जैसे महंगे खेल के लिए आधुनिक उपकरण, ट्रेनिंग और विदेशी दौरों का खर्च उठाना इस परिवार के लिए एक बड़े सपने जैसा था। लेकिन देवासी के बुलंद हौसलों के आगे आर्थिक तंगी ने भी घुटने टेक दिए।

बिना थके, बिना रुके देवासी अपनी प्रैक्टिस में जुटी रहीं और थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतकर देश का सीना चौड़ा कर दिया। सम्मान समारोह में बाबूलाल मरांडी ने खेल विभाग और राज्य सरकार से भी मांग की कि ग्रामीण और गरीब खिलाड़ियों को वित्तीय मदद और विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जाएं, ताकि कोई भी हुनर पैसों की कमी के कारण पीछे न छूटे।

Share.
Exit mobile version