फॉण्ट कनवर्टर NEW

बर्मामाइंस में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, लूट का विरोध पड़ा भारी, चापड़ से किया वार

Jamshedpur News: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप सोमवार देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास किया। चालक के साहस और विरोध के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके, लेकिन हमले में

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप सोमवार देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास किया। चालक के साहस और विरोध के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके, लेकिन हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में ट्रक चालकों के बीच दहशत का माहौल है।घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे और प्रदर्शन के साथ लिखित शिकायत की।

घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी-09ए-3243) चलाता है। जानकारी के अनुसार 30 जून की रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच वह अपने ट्रक के पास मौजूद था। इसी दौरान एक वाहन से पहुंचे तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पिस्टल और चापड़ के बल पर चालक से मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब जय प्रकाश रजक ने इसका विरोध किया और मुकाबला करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इसके बावजूद वह किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा।

इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। यूनियन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, औद्योगिक क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और ट्रक चालकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram