स्कूल निरीक्षण में बच्चों को खुद पढ़ाया, बाउंड्री वॉल का निर्देश
गुमला: “प्रोजेक्ट द्वार” के तहत उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बुधवार को डुमरी प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं आकांक्षी गांव औरापाट का दौरा कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, आजीविका, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
उपायुक्त ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय औरापाट का निरीक्षण करते हुए बच्चों से बातचीत की और कुछ समय तक स्वयं कक्षा लेकर उन्हें पढ़ाया। उन्होंने विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही नव निर्मित भवन, किचन शेड और बाथरूम की गुणवत्ता जांचते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद आयोजित ग्राम सभा में उपायुक्त ने महिलाओं द्वारा की जा रही मशरूम खेती की प्रगति की समीक्षा की। राज्य उद्यान विकास योजना के तहत दिए गए प्रशिक्षण और किट से गांव के करीब 20 परिवार जुड़ चुके हैं। उपायुक्त ने घर-घर जाकर गतिविधियों का अवलोकन करते हुए इसे ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बताया।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, टीकाकरण, पेयजल, सिंचाई और बाजार व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने गुरुवार को विशेष शिविर आयोजित कर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार व राशन कार्ड अपडेट कराने का निर्देश दिया। एक महिला की आंख में मोतियाबिंद की समस्या पर संज्ञान लेते हुए सदर अस्पताल में नि:शुल्क ऑपरेशन कराने का आदेश दिया गया।
बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर मरम्मत और मोबाइल नेटवर्क सुधार के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



