रांची: राजधानी रांची समेत पूरे जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने फसल क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।
डीसी ने अपर समाहर्ता रांची को फसल नुकसान के आकलन की निगरानी की जिम्मेदारी दी है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रिपोर्ट तैयार कराने को कहा है। जिन इलाकों में बारिश से फसल खराब हुई है, वहां मौके पर जाकर नुकसान का आकलन किया जाएगा।
सभी अंचलों में होगा सर्वे
जिले के सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में फसल नुकसान का सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारी प्रभावित इलाकों में जाकर फसलों की स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। जिला कृषि पदाधिकारी को भी पूरे जिले में फसल नुकसान का विस्तृत आकलन करने को कहा गया है।
रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त फसल का क्षेत्रफल, प्रभावित किसानों की संख्या और अनुमानित आर्थिक नुकसान का विवरण शामिल किया जाएगा।
रिपोर्ट के बाद होगी राहत की कार्रवाई
प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। इसके बाद नुकसान के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और प्रभावित किसानों को राहत व सहायता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को नुकसान से जुड़ी जानकारी जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।




