Darbhanga: दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का पिस्टल के साथ डांस करते हुए बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला के घर की तलाशी ली, जहां से एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
लाखो देवी के रूप में हुई पहचान
गिरफ्तार महिला की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी रामगुलाम यादव की पत्नी लाखो देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला का पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। यह वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा 29 जुलाई को घनश्यामपुर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया था।
वीडियो सत्यापन के बाद हुई छापेमारी
वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के चौकीदारों से महिला की पहचान और वीडियो का सत्यापन कराया। सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिरसिया स्थित महिला के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में रखे एक बक्से से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त मैगजीन और एक छोटे बैग से KF 7.65 अंकित दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया।
हथियार के स्रोत की भी हो रही जांच
बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बरामद हथियार के संबंध में जांच की जा रही है कि वह लाइसेंसी है या अवैध। इसके साथ ही हथियार के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ घनश्यामपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





