लोहरदगा : कुड़ू थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन NH-39 फोरलेन सड़क परियोजना में लेवी वसूलने के इरादे से पहुंचे तीन अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से करीब नौ राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों अपराधी बाइक से चंदवा की ओर भाग निकले।
घटना रात करीब दो बजे की है। एक बाइक पर सवार तीन अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे। उस समय पावर सब स्टेशन के पास पुलिया पर गाइडर लगाने का काम चल रहा था। अपराधियों ने मजदूरों को काम बंद करने की चेतावनी दी। इससे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
मजदूरों का शोर सुनकर वहां तैनात एसएटी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अपराधियों को रुकने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की ओर से करीब पांच राउंड और पुलिस की ओर से करीब चार राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी है।
इस दौरान एक अपराधी जेसीबी और रोलर मशीन में आग लगाने के लिए वाहन से पेट्रोल निकालने लगा। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों अपराधी बाइक से चंदवा की ओर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पुलिस ने निर्माण स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी है और अपराधियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
NH-39 फोरलेन सड़क का निर्माण कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक PR&A कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही है। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में दहशत है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




