Jamshedpur news: आजादनगर थाना क्षेत्र के चेपापुल-पारडीह रोड स्थित इलाईट सहाना प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन इमारत से बिजली के तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के तारों से निकाला गया करीब 65 किलो कॉपर भी बरामद किया है।
इस संबंध में आजादनगर थाना में कांड संख्या 53/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मोहम्मद शाहरुख उर्फ उमर शाहरुख (19) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शाहरुख ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए गए बिजली के तारों का प्लास्टिक कवर उसने अपने भाई उमर फारुख के साथ मिलकर हटाया था और उसमें मौजूद तांबे को अलग कर लिया था। बाद में दोनों ने तांबे को कपाली के ताजनगर स्थित एक स्क्रैप गोदाम में बेच दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने संबंधित स्क्रैप गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान करीब 65 किलो बिना कवर वाला कॉपर तार बरामद किया गया। पुलिस ने स्क्रैप गोदाम संचालक फैज अहमद उर्फ भोलु (34) को भी गिरफ्तार कर लिया। शाहरुख कपाली के डेमडुबी अंसारी नगर का निवासी है, जबकि फैज अहमद उर्फ भोलु ताजनगर, कपाली का रहने वाला है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शाहरुख का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में भी आजादनगर थाना में चोरी का एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही चोरी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
