फॉण्ट कनवर्टर NEW

जबलपुर में फ्लाईओवर लोकार्पण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद सांकेतिक उद्घाटन

Jabalpur News : शहर में बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर के लोकार्पण को लेकर कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम उस समय हंगामे में बदल गया, जब प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शाम 4 बजे छोटी लाइन

अपनी भाषा में पढ़ें

Jabalpur News : शहर में बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर के लोकार्पण को लेकर कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम उस समय हंगामे में बदल गया, जब प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शाम 4 बजे छोटी लाइन फाटक के पास इकट्ठा हुए थे। कार्यकर्ता नारियल, फूलमालाएं, पूजा की थाली और पंडित के साथ फ्लाईओवर के उद्घाटन की तैयारी में जुटे थे।

कांग्रेस का तर्क था कि यह फ्लाईओवर जनता के टैक्स से बना है, इसलिए उसका लोकार्पण भी जनता को ही करना चाहिए। लेकिन प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। फ्लाईओवर के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी और महिला पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत पंक्तिबद्ध किया गया था।

जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन (जल तोप) का सहारा लिया और भीड़ को तितर-बितर किया। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।

इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनूठा तरीका अपनाते हुए फ्लाईओवर के दोनों सिरों पर लाल फीता बांधा और उसे कैंची से काटकर सांकेतिक लोकार्पण कर दिया। इस मौके पर आम नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे, जिन्होंने कांग्रेस के इस कदम का समर्थन किया।

नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि जनता के पैसों से बने इस फ्लाईओवर का लोकार्पण किसी राजनीतिक दल की बजाय जनता द्वारा होना चाहिए था। उन्होंने प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इसी तरह आम जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। इस घटनाक्रम से शहर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कर दी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram