रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची के अनुसार गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड भाजपा का नया प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के कई नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है। नेताओं ने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को यूपी की जिम्मेदारी
भाजपा की नई सूची में झारखंड से राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार वर्मा तथा राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गजेंद्र सिंह पटेल, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं।
बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ समेत भाजपा के कई नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।




