Bokaro news:- गुरुवार को जिला रामरूद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बोकारो में विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर विद्यालय स्तर पर विविध जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं संपूर्ण व्यवस्थापन विद्यालय के शिक्षक श्री सतीश चन्द्र पाण्डेय एवं श्री उमा शंकर विश्वकर्मा के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन, स्वस्थ समाज तथा सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं के बीच स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग, निबंध लेखन (हिन्दी एवं अंग्रेज़ी), क्विज़ प्रतियोगिता तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना था।

विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं सृजनात्मकता के साथ भाग लिया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में कुमकुम कुमारी ने प्रथम, अम्बिका कुमारी ने द्वितीय तथा सोनू कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में सिमरन प्रथम, संजना द्वितीय तथा संजू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। अंग्रेज़ी निबंध प्रतियोगिता में कुमारी अनन्या ने प्रथम, सिमरन ने द्वितीय तथा साक्षी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिन्दी निबंध प्रतियोगिता में सोनाली कुमारी प्रथम, डॉली पाण्डेय द्वितीय तथा निकिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त क्विज़ प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने समूहवार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रार्थना सभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह शपथ भी दिलाई गई कि वे स्वयं मादक पदार्थों से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।

इसी क्रम में विद्यालय के 100 एनसीसी कैडेट्स ने आज आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी सक्रिय सहभागिता निभाई। यह कार्यक्रम माननीय उपायुक्त (DC) महोदय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के कैडेट्स ने अनुशासन, जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। इस जिला स्तरीय सहभागिता का मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण डॉ. रवि भूषण द्वारा किया गया। कैडेट्स की उल्लेखनीय भागीदारी ने विद्यालय की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार ने अपने संदेश में कहा कि विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मानुशासन एवं सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि “नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब नई पीढ़ी जागरूक, शिक्षित और दृढ़ संकल्पित हो। विद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित हो। आज के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी अत्यंत सराहनीय है।”

विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकगण, एनसीसी पदाधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोगी कर्मियों को हार्दिक बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

Share.
Exit mobile version