लोहरदगाः जिला सेवा भारती की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ की अध्यक्षता में डॉ. कुमुद अग्रवाल के बौली बगीचा स्थित क्लीनिक परिसर में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी सह संरक्षक गुरुशरण प्रसाद, प्रांतीय प्रसार प्रबंधक जितेंद्र कुमार विजय सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला अध्यक्ष ने गुरुशरण प्रसाद जी को श्रीमद्भागवत गीता की पुस्तिका भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में गुरुशरण प्रसाद ने सेवा भारती की सामाजिक जिम्मेदारियों और भविष्य की कार्ययोजना पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य जांच किट उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को तुरंत प्राथमिक सुविधा मिल सके।जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने बताया कि सेवा भारती जिले में सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
हर सप्ताह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं और जल्द ही हर माह गांवों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की भी घोषणा की गई। शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से प्रतिदिन सुबह योग शिविर भी संचालित किया जा रहा है। बैठक के उपरांत सेवा भारती द्वारा जिले के असहाय व गरीब लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। कंबल पाकर मंगरी उराँव, हीरा सोनी समेत कई लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में यह मदद बेहद जरूरी थी। बैठक में गुरुशरण प्रसाद, जितेंद्र कुमार विजय, डॉ. कुमुद अग्रवाल, सचिव जयप्रकाश शर्मा, समिति अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, देवेंद्र कुमार मंडल, सूरज कुमार साहू, अतुल सर्राफ समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।



