Patna: किसी भी व्यक्ति के जीवन में मां का स्थान सर्वोच्च होता है और उनके दिए संस्कार ताउम्र मार्गदर्शन करते हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी माताजी एवं तारापुर की पूर्व विधायक स्व. पार्वती देवी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।
तारापुर में पूर्व विधायक स्व. पार्वती देवी को श्रद्धांजलि
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने अपनी स्वर्गीय माताजी एवं तारापुर की पूर्व विधायक स्व० पार्वती देवी जी की पुण्यतिथि पर मुंगेर जिला के असरगंज प्रखंड अंतर्गत तारापुर स्थित बी०एड० कॉलेज, पार्वती नगर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर… pic.twitter.com/qISjziEQkU
— IPRD Bihar (@IPRDBihar) September 10, 2026
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड स्थित पार्वती नगर के बीएड कॉलेज पहुंचे और वहां स्थापित अपनी मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपनी माताजी के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाते हुए उनके योगदान, त्याग और समाजसेवा की भावना को गहराई से स्मरण किया।
‘मातृशक्ति के रूप में उनका स्नेह और सेवा सदैव स्मरणीय’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी मां के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि एक मातृशक्ति के रूप में उनका स्नेह, संस्कार और जनसेवा की भावना सदैव अविस्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि स्व. पार्वती देवी का संपूर्ण जीवन और उनके दिए आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।सीएम ने भावुक शब्दों में कहा कि उनकी पुण्य स्मृतियां परिवार के सभी सदस्यों और शुभचिंतकों के हृदय में हमेशा जीवंत रहेंगी।
पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी समेत परिजनों ने किया नमन
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने अपनी धर्मपत्नी स्व. पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके सामाजिक कार्यों को याद किया। तारापुर और असरगंज क्षेत्र में लंबे समय तक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर स्व. पार्वती देवी के योगदान की वहां मौजूद लोगों ने सराहना की।
प्रमुख मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
इस श्रद्धांजलि सभा में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मनीष कुमार और पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार, डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद सहित अनेक वरीय अधिकारी, गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




