Patna: बिहार में निवेश और नए उद्योग लाने की कोशिशों के बीच सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प चर्चा शुरू हो गई है। देश के जाने-माने उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने पटना के बिहार म्यूजियम की जमकर तारीफ की थी। इस पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें बिहार आने का खुला न्योता दे दिया। सीएम ने उनसे आग्रह किया कि वे पटना आएं, म्यूजियम घूमें और चाय पर बैठकर राज्य में नए उद्योगों और रोजगार की संभावनाओं पर बात करें। आनंद महिंद्रा ने भी इस न्योते को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करते हुए जल्द ही बिहार आने की बात कही है।
सीएम ने चाय पर चर्चा और निवेश का दिया प्रस्ताव
आनंद महिंद्रा जी, बिहार की जनता की ओर से आपका हार्दिक आभार! 🙏
बिहार की गौरवशाली विरासत हमारी पहचान, और उज्ज्वल भविष्य हमारा संकल्प है।
आपको बिहार संग्रहालय भ्रमण और हाई टी पर संवाद हेतु सादर आमंत्रित करता हूँ। आइए, उद्योग, कृषि, तकनीक एवं पर्यटन में साझेदारी से निवेश, रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करें।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 29, 2026
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आनंद महिंद्रा का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि बिहार की शानदार विरासत ही यहां की पहचान है और राज्य का बेहतर भविष्य सरकार का मुख्य संकल्प है। सीएम ने महिंद्रा को बिहार म्यूजियम देखने और हाई टी यानी शाम की चाय पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उद्योग, खेती, नई तकनीक और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने से राज्य में नया निवेश आएगा, जिससे यहां के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
आनंद महिंद्रा बोले- आपके स्नेह ने दिल छू लिया
माननीय मुख्यमंत्री जी, आपके इतने स्नेह भरे और उत्साहपूर्ण जवाब ने सचमुच दिल छू लिया।
बिहार संग्रहालय को लेकर आपका गर्व और लगाव भी बहुत अच्छा लगा।
जब भी बिहार आने का अवसर मिलेगा, आपके निमंत्रण का लाभ ज़रूर उठाऊँगा।
आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
🙏
— anand mahindra (@anandmahindra) October 29, 2026
सीएम के इस आत्मीय संदेश पर आनंद महिंद्रा ने भी बहुत गर्मजोशी से जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री जी के इतने प्यार भरे और सकारात्मक जवाब ने उनका दिल छू लिया है। बिहार म्यूजियम को लेकर सरकार और वहां के लोगों का गर्व देखना काफी सुखद है। उद्योगपति ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें समय मिलेगा, वे इस निमंत्रण का मान रखते हुए बिहार की यात्रा जरूर करेंगे। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई इस बातचीत को लोग राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।
म्यूजियम की विश्वस्तरीय रैंकिंग से शुरू हुई बातचीत
इस पूरे संवाद की शुरुआत तब हुई जब पटना के बिहार म्यूजियम को दुनिया के बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां और पूरे एशिया में पहला स्थान मिला। आनंद महिंद्रा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए म्यूजियम की बनावट और सोच की खुलकर तारीफ की थी। इसके बाद ही सीएम ने इस मौके का फायदा उठाते हुए दिग्गज उद्योगपति को राज्य की बदलती तस्वीर दिखाने और यहां औद्योगिक संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया। अब माना जा रहा है कि उनके संभावित दौरे से राज्य में ऑटोमोबाइल और कृषि तकनीक के क्षेत्र में नए प्रोजेक्ट्स को रफ्तार मिल सकती है।





