फॉण्ट कनवर्टर NEW

पटना में नीतीश कुमार का तोहफा: जाम से राहत दिलाने के लिए 6 सड़क परियोजनाओं की नींव रखी

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के पश्चिमी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 766.73 करोड़ रुपये की लागत वाली पथ निर्माण विभाग की 6 बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से न केवल सड़क

नीतीश कुमार

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के पश्चिमी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 766.73 करोड़ रुपये की लागत वाली पथ निर्माण विभाग की 6 बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से न केवल सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी व्यापक सुधार होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स गोलंबर पर आयोजित समारोह से हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने 138.5 करोड़ रुपये की लागत से एम्स गोलंबर से जानीपुर-पैनापुर नेव (बिहटा-सरमेरा पटना रिंग रोड जंक्शन) तक 10.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना से एम्स आने-जाने वाले मरीजों, डॉक्टरों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने 73.06 करोड़ रुपये की लागत से नौबतपुर-मसौढ़ी मार्ग पर 17वें किलोमीटर में नौबतपुर लख में 1.015 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह फ्लाईओवर यातायात को सुचारू बनाएगा और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करेगा।

कोथवां, रुपसपुर नहर पर आयोजित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने 71.48 करोड़ रुपये की लागत से खगौल नेहरु पथ का अशोक राजपथ से रुपसपुर नहर तक 6.9 किलोमीटर लंबे फोर लेन चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इससे खगौल और आसपास के इलाकों के लोगों को पटना शहर में आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

नेहरु पथ पर पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 143.86 करोड़ रुपये की लागत से दीघा-एम्स पाटली पथ को दानापुर की तरफ नेहरु पथ से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य की नींव रखी। इस कनेक्टिविटी से एम्स, जेपी सेतु और पश्चिमी पटना के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

इसी कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने 318.51 करोड़ रुपये की लागत से रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक 2.7 किलोमीटर लंबे नेहरु पथ के दोनों ओर भूमिगत नाला निर्माण और सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। यह परियोजना पश्चिमी पटना के मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या को खत्म करने में मददगार होगी।

इसके अलावा 21.35 करोड़ रुपये की लागत से नेहरु पथ से गोला रोड तक 2.20 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का शिलान्यास भी किया गया। इस परियोजना से पश्चिमी पटना के नए विकसित क्षेत्रों के निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ये सभी योजनाएं पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) के लिए बड़ी सौगात हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं पर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए और इन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पटना की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।

नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार लगातार बुनियादी ढांचे के विकास पर काम कर रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क, पुल और फ्लाईओवर की सुविधा मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद पटना के लोग आधुनिक और सुगम यातायात व्यवस्था का अनुभव करेंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram