Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर कोकर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और बिरसा चौक पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सीएम ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर सर्वप्रथम कोकर, रांची स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर सीएम की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को श्रद्धांजलि दी। मौके पर सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन तथा आदिवासी समाज की अस्मिता एवं अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उनके विचार एवं आदर्श सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
बिरसा चौक पर प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
इसके उपरांत सीएम हेमंत सोरेन बिरसा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज और समस्त झारखंडवासियों के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का है। धरती आबा ने अपने साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश को नई दिशा और प्रेरणा दी। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल, जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान एवं अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
समृद्ध और सशक्त झारखंड बनाने का संकल्प
सीएम ने आगे कहा कि धरती आबा के सपनों एवं आदर्शों के अनुरूप झारखंड को समृद्ध, सशक्त और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक संसाधन हमारी विशिष्ट पहचान हैं।
इनके संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का स्वच्छ और आत्मनिर्भर झारखंड साकार हो सके।








