Bokaro: चेकपोस्ट गुजरात कॉलोनी स्थित शराब दुकान के पास बीती रात करीब 1:30 बजे उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने कन्हैया भोजनालय में तोड़फोड़ की और वहां खड़े चार पहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बाइपास रोड पर भूंजा बेचने वाले दो ठेले भी पलट दिए गए और उनके चूल्हे तोड़ दिए गए। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है।
रात में मचा उपद्रव
दुकानदारों के अनुसार, घटना के दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया था। हालांकि, सुबह चास थाना पहुंचकर जानकारी लेने पर दुकानदारों को किसी की गिरफ्तारी नहीं होने की बात बताई गई। दुकानदारों का दावा है कि आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज में कुछ लोगों को पकड़ते हुए देखा जा सकता है।
दुकानदारों में बढ़ी चिंता
मेन बाजार में आधी रात हुई तोड़फोड़ की घटना से दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले की जानकारी चास थाना पुलिस को दी गई। घटना में भोजनालय, चार पहिया वाहनों और ठेलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
एक आरोपी गिरफ्तार
शुक्रवार को चास थाना पुलिस ने गुजरात कॉलोनी स्थित शराब दुकान के पास उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत अनुराग के रूप में हुई है। वह कुंवर सिंह कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है और ट्रक चलाने का काम करता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





