Chatra: झारखंड की राजधानी रांची में बच्चियों के लापता होने के मामले अभी शांत भी नहीं हुए थे कि अब चतरा जिले से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव से 14 वर्षीय मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी पिछले 20 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है।
मौके पर परिजनों और ग्रामीणों ने शुरुआती दो दिन पूरे इलाके में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने 31 दिसंबर 2025 को गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई थी। परंतु परिजनों के आरोप के मुताबिक, पुलिस ने शुरुआती 10 दिनों तक मामले को ठंडे बस्ते में रखा।
मामला गर्माने के बाद पुलिस हरकत में आई और सघन जंगलों, पहाड़ियों और आस-पास के इलाकों की जांच के लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। कई टीमें तलाशी अभियान में जुटी हैं, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बावजूद मुन्नी का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर सक्रिय होती, तो शायद आज उनकी लाडली सुरक्षित घर होती। मुन्नी के पिता निर्मल राणा और माता की आंखों में लगातार आशंका और डर दिख रहा है। पूरा गांव इस घटना से सहमा हुआ है और परिजन केवल अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
विशेषज्ञ और स्थानीय नागरिक पूछ रहे हैं कि क्या ड्रोन और आधुनिक तकनीक केवल कागजों पर ही प्रभावी हैं, और क्या पुलिस समय पर जागरूक होती तो यह दर्दनाक स्थिति नहीं बनती। अब सवाल यह उठता है कि झारखंड में कब तक मासूम बेटियां ऐसे ही रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब होती रहेंगी।



