रांची: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है। इसके बावजूद राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 अक्टूबर तक यलो अलर्ट जारी किया है। 6 से 9 अक्टूबर के बीच कई जिलों में बादल, बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर को लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
6 और 7 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे
6 और 7 अक्टूबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। रांची में 6 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है।
9 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर बाकी इलाकों में कहीं-कहीं वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। रांची में भी कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने आंधी और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
रांची में 28-29 डिग्री रहेगा तापमान
रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री और न्यूनतम 20-21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रह सकता है।
धनबाद और बोकारो में दिन का तापमान 31-32 डिग्री, जबकि रात में 23-25 डिग्री के आसपास रह सकता है। पलामू में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और गुमला में 28-30 डिग्री रहने की संभावना है।
10 अक्टूबर से मौसम में सुधार
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 9 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है। 10 अक्टूबर से मौसम में सुधार के आसार हैं। 10 अक्टूबर को रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 11 अक्टूबर से आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
3 अक्टूबर से मानसून की वापसी शुरू
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 अक्टूबर से झारखंड से वापसी शुरू कर दी है। हालांकि मानसून की विदाई शुरू होने के बावजूद स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहने की संभावना है।




