Chaibasa News: चक्रधरपुर में हुए फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता गुरुवार को मिली, जब मुख्य आरोपी अमन कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। यह वही मामला है जिसमें 19 नवंबर 2025 को वादी मुकेश राम रवि उर्फ बंबा पर गोली चलाए जाने की बात सामने आई थी। वादी के आवेदन पर थाना कांड संख्या 144/2025 दर्ज किया गया था, जिसमें अमन कुमार और मुकेश साव को नामजद किया गया था।

विशेष टीम ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी

थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना की मदद से पुलिस ने पंडितहाता, वार्ड-10 स्थित उसके घर पर दबिश दी और अमन कुमार को बिना किसी विरोध के पकड़ लिया। आरोपी को अब कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है।

कारतूस के खोखे बने अहम सबूत

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण प्रमाण भी बरामद किए। मौके से 7.65 एमएम के तीन खाली खोखे और एक पिलेट जब्त किया गया है, जिसे घटना में प्रयुक्त हथियार से जोड़कर देखा जा रहा है। ये सबूत पूरी घटना की कड़ी को जोड़ने में पुलिस की जांच को मजबूत करेंगे।

छापेमारी में बड़ी पुलिस टीम शामिल

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अवधेश कुमार, अनुसंधानकर्ता प्यारे हसन, कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद माहौल थोड़ा शांत हुआ है और लोग राहत महसूस कर रहे हैं। पुलिस अब फरार अन्य आरोपी और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Share.
Exit mobile version