फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूजा विसर्जन में भिड़ीं दो समितियां, लाठी-डंडे और चाकुओं से हमला

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में शुक्रवार देर रात दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हिंसा भड़क उठी। जानकारी के अनुसार, रेलवे हरिजन बस्ती दुर्गा पूजा समिति और एक अन्य पूजा पंडाल के सदस्यों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में शुक्रवार देर रात दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हिंसा भड़क उठी। जानकारी के अनुसार, रेलवे हरिजन बस्ती दुर्गा पूजा समिति और एक अन्य पूजा पंडाल के सदस्यों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया।

चाकूबाजी में सात लोग घायल, एक गंभीर

विवाद के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलाए गए, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों में रिक्की मुखी, ध्रुव मुखी, गोविंदा मुखी, दिनेश मुखी, अतुल मुखी, अमन मुखी और अजय मुखी शामिल हैं। इनमें से रिक्की मुखी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जुलूस के दौरान किसी विवादित मुद्दे पर दोनों समितियों के बीच झड़प शुरू हुई, जो कुछ ही समय में हिंसक रूप ले गई। लगभग 15 लोगों के समूह ने अचानक हरिजन बस्ती के सदस्यों पर हथियारों से हमला कर दिया और घटना के बाद फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और क्षेत्र में बढ़ाया पहरा

घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

लोगों में आक्रोश, प्रशासन ने की शांति की अपील

घटना के बाद हरिजन बस्ती में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग रेलवे अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच में जुट गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram