Chaibasa News: चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम इलाके में उस समय हलचल मच गई जब जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जैंतगढ़ के जुगीनंदा टोला पास गगराई लांगर जंगल में दो मादा हाथियों के शव मिले। ग्रामीणों ने पहले तेज बदबू महसूस की, उसके बाद जब वे जंगल की ओर गए, तो दोनों हाथियों की लाशें सड़ी-गली हालत में पड़ी मिलीं। अंदाजा है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी, क्योंकि शरीर पर सड़न साफ दिख रही थी।
सूचना मिलते ही वन कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सुरक्षित घेराबंदी में ले लिया। वन कर्मी उदित नारायण गगराई ने पूरी घटना की रिपोर्ट डीएफओ को भेज दी है और पोस्टमार्टम के लिए विशेषज्ञ टीम बुलाने की तैयारी चल रही है।
सवालों के घेरे में जंगल की सुरक्षा
वन अधिकारी फिलहाल हर कोण से जांच कर रहे हैं। आसपास के गांवों से पूछताछ शुरू हो चुकी है और जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मौत से पहले की गतिविधियों का कोई सुराग मिल सके।
मामले के सामने आने के बाद जंगल में हाथियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगर मौतें प्राकृतिक नहीं हैं और किसी बाहरी हस्तक्षेप से हुई हैं, तो यह वन्यजीव संरक्षण के लिए बड़ा खतरा है।
वन विभाग ने दोनों हाथियों के शव संरक्षित कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि रिपोर्ट मिलने के बाद असली कारण सामने आएगा और अगर कोई दोषी पाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।



