Chaibasa News: सदर अस्पताल में सोमवार को असाध्य रोग समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा ने की। बैठक में मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत आए तीन महत्वपूर्ण आवेदनों की समीक्षा की गई। सबसे पहले परमपंचों गांव के 58 वर्षीय विजय सिंह कुंतिया के मामले पर निर्णय लिया गया, जो कोलकाता के पीयरलेस अस्पताल में कैंसर का उपचार करा रहे हैं। उन्हें पहले ही 2.89 लाख की सहायता दी जा चुकी थी। अब आगे के इलाज को देखते हुए समिति ने 2.10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर कर दी है।

दो महिला मरीजों की फाइल स्टेट को भेजी जाएगी

बैठक में दो और महिला कैंसर पीड़ितों पर चर्चा की गई। पहली, खुटपानी प्रखंड के कोटसोना गांव की 76 वर्षीय सुखमति होनहागा, जिनका इलाज एम्स दिल्ली में चल रहा है। दूसरी, गुवा थाना क्षेत्र की 53 वर्षीय सतबीर कौर, जिनकी चिकित्सा सीएमसी वेल्लोर में जारी है। दोनों को इलाज के लिए लगभग 10-10 लाख रुपये की जरूरत है। समिति ने इन मामलों को झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी, रांची भेजने का निर्णय लिया, ताकि स्टेट स्तर से चिकित्सा सहायता की स्वीकृति मिल सके।

अधिक प्रचार-प्रसार की जरूरत: मंत्री प्रतिनिधि

बैठक में मंत्री दीपक बिरुवा के प्रतिनिधि के रूप में अधिवक्ता राजा राम गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी उपचार योजना का अधिक से अधिक प्रचार किया जाना चाहिए, ताकि ऐसे मरीज जो आर्थिक तंगी में इलाज नहीं करा पा रहे, वे इस योजना का लाभ उठा सकें।

अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक संपन्न

बैठक में डॉ. बारियल मार्डी, डॉ. पॉलिना मुंडू, प्रधान लिपिक सुभाष सोरेन समेत अस्पताल के कई अन्य अधिकारी मौजूद थे। सभी ने गंभीर रोगियों की मदद में तेजी लाने और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया।

Share.
Exit mobile version