फॉण्ट कनवर्टर NEW

बायोमेट्रिक अटेंडेंस के खिलाफ सेलकर्मियों का हल्ला बोल, प्रबंधन को चेतावनी

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु में सोमवार को सेल प्रबंधन द्वारा 15 जून 2026 से नियमित कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (बीएएमएस) लागू करने के निर्णय के विरोध में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु में सोमवार को सेल प्रबंधन द्वारा 15 जून 2026 से नियमित कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (बीएएमएस) लागू करने के निर्णय के विरोध में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जनरल ऑफिस के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया तथा प्रबंधन के फैसले का विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में अदालत का अंतिम निर्णय आने से पहले इस व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया शुरू करना कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है। श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन कर्मचारियों की आपत्तियों और न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी कर जल्दबाजी में इसे लागू करना चाहता है।

धरना के दौरान किरीबुरु-मेघाहातुबुरु सेल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जन जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। साथ ही गंभीर मरीजों के रेफरल में होने वाली परेशानियों को दूर करने की भी मांग रखी गई।

संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में अफताब आलम, इंतखाब आलम, दयानंद कुमार, गुंजन कुमार, बीरबल गुड़िया, अनिल टोपनो, इलियास चाम्पिया, धनीराम लकड़ा, एस.पी. गुप्ता, अर्जुन पूर्ति, संतोष पांडा समेत विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सेलकर्मी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram