फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर में CBI की ताबड़तोड़ छापेमारी, साइबर ठगी जांच में दो घरों में पूछताछ से हड़कंप

Jamshedpur news: साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी स्थित दो घरों में छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी स्थित दो घरों में छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। CBI की टीम के पहुंचते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जानकारी के अनुसार, CBI की एक टीम राजदीप नामक युवक के घर पहुंची। जांच के दौरान एजेंसी ने उससे साइबर ठगी के मामले में पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि जिस मोबाइल सिम कार्ड का उपयोग कथित तौर पर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते को खोलने के लिए किया गया था, वह राजदीप के नाम पर पंजीकृत है। इसी तथ्य के आधार पर CBI उससे विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है।

हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राजदीप का इस मामले में प्रत्यक्ष रूप से कोई संबंध है या उसका नाम केवल दस्तावेजी जांच के दौरान सामने आया है। एजेंसी सभी तथ्यों का सत्यापन करने में जुटी हुई है।

इसी क्रम में CBI की दूसरी टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के आवास पर भी पहुंची। अधिकारियों ने वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच की और कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उनसे पूछताछ की। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि उनका इस मामले से सीधा संबंध है या वे केवल जांच में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों में शामिल हैं।

CBI ने इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार एजेंसी साइबर ठगी के नेटवर्क, बैंक खातों के संचालन, मोबाइल सिम के इस्तेमाल और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में किसी की भूमिका और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram