Seraikela-Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला पोस्ट ऑफिस में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। सीबीआई ने यहां पोस्टल असिस्टेंट और पोस्टल इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारी रंजन दास नामक ग्रामीण डाक सेवक (GDS) उम्मीदवार से योगदान स्वीकार करने के बदले पैसे मांग रहे थे। शिकायत दर्ज होने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया।
शिकायत के बाद सीबीआई ने रची पूरी योजना
रंजन दास ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उनका चयन ग्रामीण डाक सेवक के पद पर हुआ है, लेकिन योगदान स्वीकार करने के लिए उनसे 20 हजार रुपये की घूस मांगी जा रही है। बताया गया कि पोस्टल असिस्टेंट ने यह रकम पोस्टल इंस्पेक्टर को देने के लिए मांगी थी। सीबीआई की जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद डीएसपी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। उसी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
अदालत में पेशी और तलाशी से जुड़ी जानकारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दोनों अधिकारियों के घर की तलाशी ली, हालांकि वहां से कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या नकदी बरामद नहीं हुई। दोनों को आज सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई ने राज्य के नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी केंद्रीय कार्यालय या सरकारी उपक्रम में कोई कर्मचारी घूस मांगता है, तो उसकी शिकायत 9470590422 पर तुरंत करें। इस कदम का उद्देश्य सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करना है।



