रांची। चतरा से लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सौरभ रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करते हैं। घटना यूनिवर्सिटी कैंपस के गेट के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, सौरभ अपने कुछ साथियों के साथ शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सौरभ के नशे में होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे और सौरभ को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई। बाद में उन्हें यूनिवर्सिटी के गेट के पास छोड़ दिया गया।
सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विधायक जनार्दन पासवान के अनुसार, स्कॉर्पियो से कुछ लोग पहुंचे थे और उनके बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उसे अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि सौरभ की थार यूनिवर्सिटी गेट के बाहर खड़ी मिली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।



