नोएडा: थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में आर्यन रेजिडेंसी हॉस्टल के पास सड़क किनारे खड़ी एक खाली बस में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की घटना से आसपास के हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि बस को चालक सड़क किनारे खड़ा करके चला गया था। कुछ देर बाद बस में आग लग गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई थी।




