World News: गाजा पट्टी में खाने के लिए कतारों में खड़े 26 फिलिस्तीनी नागरिकों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मीडिया रिपोर्ट में अस्पताल के अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमास के कब्जे में मौजूद इजराइली बंधकों के परिजनों ने गाजा पट्टी में सैन्य अभियान तेज करने की पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की योजनाओं के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उनके पास गाजा पट्टी में खाद्य आपूर्ति काफिले के मार्गों और निजी सहायता वितरण केंद्रों के पास मदद की आस में कतारों में खड़े लोगों के शव लाए गए। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में वे 10 लोग शामिल हैं, जो नवनिर्मित मोराग कॉरिडोर के पास सहायता ट्रकों का इंतजार कर रहे थे। यह कॉरिडोर दक्षिणी शहर राफा और खान यूनिस को अलग करता है।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय और अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक उत्तरी गाजा में जिकिम क्रॉसिंग के पास खाद्य सहायता का इंतजार कर रहे छह लोग भी गोलीबारी में मारे गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मध्य गाजा में उन्होंने पहले चेतावनी स्वरूप चलाई गई गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन की ओर से संचालित एक खाद्य वितरण केंद्र के पास लोगों की भीड़ पर गोलीबारी की गई। शरणार्थी शिविर स्थित आवदा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि इजराइली गोलीबारी में चार लोग मारे गए। मध्य गाजा में जीएचएफ के खाद्य वितरण केंद्र से कुछ दूरी पर मदद का इंतजार कर रहे शख्स ने कहा कि पहले इजराइली सैनिकों ने हवा में गोली चलाई, फिर वे लोगों पर गोलियां बरसाने लगे।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि खान यूनिस और राफा में जीएचएफ स्थलों तक पहुंचने का प्रयास करते समय छह अन्य फलस्तीनियों की मौत हो गई। अस्पतालों ने बताया कि गाजा शहर में एक बंदरगाह के पास हवाई हमले में तीन लोग, जबकि खान यूनिस में एक तंबू पर हुए हमले में चार लोग मारे गए हैं। इजराइली सेना ने हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन हमास पर नागरिक क्षेत्रों से हमले करने का आरोप लगाया है।



