Bokaro News: बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ के सीआरएम 3 की महत्वपूर्ण विभागीय बैठक विभाग के यूनियन सदस्यो की उत्साहपूर्ण एवं बड़ी भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में सीआरएम 3 विभाग से जुड़े लंबित मुद्दों, कर्मचारियों की समस्याओं, कार्यस्थल की सुविधाओं तथा भविष्य की रणनीति पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा किया गया । बैठक के दौरान कर्मचारियों ने खुलकर अपने विचार, सुझाव एवं समस्याएँ रखीं तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से पदोन्नति, इंसेंटिव एवं रिवॉर्ड व्यवस्था, कार्यस्थल पर पर्याप्त कुर्सियों की उपलब्धता, रेस्ट रूम, शौचालयों की स्वच्छता एवं रखरखाव, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, कैंटीन की गुणवत्ता, बोनस, बीएसएल में यूनियन चुनाव, वर्ष 2017 के लंबित वेज रिवीजन का एमओए , लंबित एरियर , 01 जनवरी 2027 से देय आगामी वेज रिवीजन तथा यूनियन द्वारा लड़े जा रहे कोर्ट केस तथा विभाग से जुड़े अन्य कर्मचारी हितों के महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा किया गया ।
इंसेंटिव एवं रिवॉर्ड व्यवस्था के विषय पर कर्मचारियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की। कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से यूनियन से मांग किया कि सीआरएम 3 विभाग उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देता है, फिर भी विभाग के कर्मचारियों को उनके कार्य, उत्पादन एवं योगदान के अनुरूप उचित इंसेंटिव एवं रिवॉर्ड प्राप्त नहीं हो रहा है। बैठक में यह भी कहा गया कि CRM-3 के कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की असमानता स्वीकार नहीं किया जाएगा । कर्मचारियों ने मांग की कि सीआरएम-3 के उत्पादन, कार्यभार एवं वास्तविक योगदान को आधार बनाकर अलग, पारदर्शी, न्यायसंगत एवं उत्पादन आधारित इंसेंटिव एवं रिवॉर्ड नीति लागू की जाए, ताकि कर्मचारियों को उनके परिश्रम का उचित सम्मान और लाभ मिल सके।
कार्यस्थल की मूलभूत सुविधाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। कर्मचारियों ने पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था, रेस्ट रूम की बेहतर सुविधा, शौचालयों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा कैंटीन की गुणवत्ता में सुधार की मांग की। यह स्पष्ट किया गया कि बेहतर कार्य वातावरण कर्मचारियों का अधिकार है और इससे उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है।
बीएसएल यूनियन चुनाव* को लेकर कर्मचारियों की चिंताओं एवं अपेक्षाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वर्ष 2017 के लंबित वेज रिवीजन पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। कर्मचारियों ने कहा कि 01 जनवरी 2027 से अगला वेज रिवीजन देय हो जाएगा, जबकि वर्ष 2017 का वेज रिवीजन आज भी लंबित है। इस विषय को कर्मचारियों के आर्थिक भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए इसके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक प्रश्न, सुझाव एवं समस्याओं का यूनियन के अध्यक्ष श्री दिलीप कुमार , महासचिव श्री हरिओम तथा संगठन के अन्य सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया ।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि CRM-3 विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों में आवश्यक तथ्यों एवं दस्तावेजों की प्राप्ति हेतु सूचना का अधिकार (RTI) सहित उपलब्ध सभी वैधानिक माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक मुद्दे को ठोस तथ्यों एवं प्रमाणों के साथ प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
अंत में उप महासचिव श्री मणिकराम मुंडा एवं विभागीय प्रतिनिधि श्री सोमेश पांडेय ने बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों, संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का अपना बहुमूल्य समय देकर बैठक को सफल बनाने के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी साथियों से भविष्य में भी इसी प्रकार संगठित रहकर कर्मचारी हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बनाने का आग्रह किया।
