Bokaro: जिले के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत लेक रोड पर बुधवार की देर रात दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य राहगीरों को भी चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया।

घटना के संबंध में सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास ने बताया कि एक सफेद रंग की अर्टिगा कार सेक्टर-9 से राम मंदिर की ओर जा रही थी। इस कार के मालिक सागीर की उसी रात शादी थी और वह महेशपुर स्थित अपने घर पर विवाह की रस्मों और तैयारियों में व्यस्त थे। उनकी कार को उनका मित्र आफताब चला रहा था, जो शादी का कुछ जरूरी सामान लेने अपने साथियों के साथ राम मंदिर की तरफ निकला था।

अनियंत्रित होकर पैदल चल रहे लोगों पर चढ़ी कार

इसी दौरान, सेक्टर-3 निवासी और बीएसएल (BSL) कर्मी मनोज कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ लाल रंग की कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार लेक रोड से सेक्टर-3 की ओर मुड़ी, सामने से तेज रफ्तार में आ रही अर्टिगा कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद लाल रंग की कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे फुटपाथ पर टहल रहे लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई।

सड़क किनारे टहल रहे लोगों में शामिल अभिषेक सिंह, मनीष कुमार, सुमित पांडेय, अभिनव राय और छोटू इस हादसे की चपेट में आकर लहूलुहान हो गए। इनमें से अभिषेक सिंह और एक अन्य युवक के पैर की हड्डी टूट गई है।

मां-बेटी वेंटिलेटर पर, हालत नाजुक

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बीएसएल कर्मी मनोज कुमार की पत्नी और बेटी की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। दोनों को बीजीएच के आईसीयू (ICU) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। सिटी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर जब्त कर लिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Share.
Exit mobile version