Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है, जिसकी ठगी की दास्तान सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यह शख्स कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि भेस बदलने और बातों के जाल में फंसाने का माहिर खिलाड़ी है। सेक्टर-4 थाना पुलिस ने पटना के रहने वाले संकल्प कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर उनके जेवर और नकदी लेकर रफूचक्कर हो जाता था। इसके साथ ही पुलिस ने ठगी का सोना खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।

बैंक मैनेजर बनकर की 30 हजार और जेवरों की ठगी

मामले का खुलासा करते हुए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि ठगी का शिकार हुई कतरास की अंजली सिन्हा ने 12 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि संकल्प ने खुद को एक प्रतिष्ठित बैंक का मैनेजर बताया और भरोसे में लेकर सेक्टर-4 के आदित्य होटल के पास उनसे सोने के जेवर और 30 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए। इसके बाद वह अपना मोबाइल बंद कर गायब हो गया। पुलिस ने कांड संख्या 124/25 दर्ज कर जब जांच शुरू की, तो मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तार पटना से जुड़े मिले।

कभी एयरफोर्स अफसर तो कभी सचिवालय कर्मी; भेस बदलने में है माहिर

पुलिस की पूछताछ में जो खुलासे हुए वह चौंकाने वाले थे। आरोपी संकल्प कुमार उर्फ गोलू महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए कभी एयरफोर्स का बड़ा अधिकारी बन जाता था, तो कभी खुद को सचिवालय का रसूखदार कर्मचारी बताता था। वह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से महिलाओं से दोस्ती करता, उन्हें शादी या प्रेम का झांसा देता और फिर मौका पाकर उनकी जमापूंजी लूट लेता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पटना के मोसीमपुर स्थित ‘शशि ज्वेलर्स’ में छापेमारी कर ठगा गया सोना बरामद किया और दुकानदार सूर्यकांत सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

आपराधिक इतिहास और बरामदगी: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

एसपी ने बताया कि संकल्प का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पटना के फतुहा थाने में उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 1.75 लाख रुपये नकद, करीब 23 ग्राम सोना और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में बनी टीम ने पटना पुलिस के सहयोग से इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बोकारो और आसपास के इलाकों में संकल्प ने और कितनी महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

Share.
Exit mobile version