Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 1बी स्थित हिंदुस्तान स्टील कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) कॉलोनी की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय कई परिवार इमारत में मौजूद थे, लेकिन सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है। अधिकारियों ने आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली करा लिया है। कई परिवारों ने रात खुले मैदान में बिताई, क्योंकि उनका सामान मलबे में दब गया है। नगर निगम की टीम ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और मलबा हटाने का काम जारी है।
सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीवारों की नमी और संरचनात्मक कमजोरी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी की कई और इमारतें भी बेहद जर्जर स्थिति में हैं, और प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।



