Gamharia news : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। टायो कॉलोनी स्थित जीएफ फ्लैट संख्या-2 में एक बेटे ने अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामा नाथ दास के रूप में हुई है। वे टीजीएस में कार्यरत थे और हाल ही में ईएसएस ले चुके थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पुत्र मनसा दास ने दावली से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले की बर्बरता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। आरोपी ने पिता के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र पिता के शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस और एसडीपीओ समीर कुमार सवैया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

बताया जाता है कि रामा नाथ दास की पत्नी का पूर्व में ही निधन हो चुका था। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे की भी शादी हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी अलग रहती है। पिता और पुत्र दोनों ही टायो कॉलोनी के उक्त फ्लैट में साथ रहते थे।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी पुत्र से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद से टायो कॉलोनी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share.
Exit mobile version