Patna: सियासत में जब युवाओं के हाथ में कमान सौंपी जाती है, तो मकसद सिर्फ पद बांटना नहीं बल्कि भविष्य की चुनावी जमीन तैयार करना होता है। शगुन परिहार जैसी संघर्षशील युवा विधायक को उपाध्यक्ष बनाना और मैथिली ठाकुर जैसी सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय पटल पर जोड़ना यह साफ दिखाता है कि संगठन अब सिर्फ नारों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी पकड़ और जनसंवाद के मजबूत चेहरों पर दांव लगा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय संगठन का पुनर्गठन करते हुए देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख युवा नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन विस्तार के तहत सात युवा नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन को राष्ट्रीय महामंत्री और नौ को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बिहार की विधायक एवं प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
हेमांग जोशी ने जारी की सूची, तत्काल प्रभाव से नियुक्तियां लागू
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने मंगलवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की आधिकारिक सूची जारी की। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ये नियुक्तियां की गई हैं और सभी पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से अपना पदभार संभालेंगे। उपाध्यक्षों की सूची में उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नगालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमाली नाइक, बिहार के राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग शामिल हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सचिव, कोषाध्यक्ष और सोशल मीडिया टीम का भी गठन
संगठन में सचिव स्तर पर असम के बिस्वजीत खांउड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, मीडिया प्रबंधन के तहत बिहार के हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, दिल्ली की शिवानी सिंह व विशु बसोया और हिमाचल के अतुल ठाकुर को सह-प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली की अपूर्वा सिंह को राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान को सह-प्रभारी की कमान मिली है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सभी राज्यों को संतुलित प्रतिनिधित्व
भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मैथिली ठाकुर सहित कुल 34 सदस्यों को जगह दी गई है। संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए उत्तर प्रदेश से पांच सदस्य शामिल किए गए हैं, जबकि बिहार, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से दो-दो नेताओं को स्थान मिला है। शेष 17 सदस्य अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए हैं, जिससे राष्ट्रीय टीम में देश के सभी हिस्सों को व्यापक प्रतिनिधित्व मिल सके।





