पलामू : पलामू में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की गई। यात्रा से पहले मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में सभा हुई, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सभा में मौजूद लोगों ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा शिवाजी मैदान से शुरू होकर साहित्य समाज चौक तक पहुंची।
यात्रा के दौरान मेदिनीनगर के किसी एक प्रमुख चौक का नाम ‘सेवा चौक’ रखने की बात भी कही गई।
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही : सांसद
कार्यक्रम के दौरान सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि भारत आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देश भारत की प्रगति को देख रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में देश में आर्थिक विकास के साथ युवाओं के लिए भी कई काम हुए हैं।
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर आयोजन
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और सेवा संकल्प अभियान के राज्य प्रभारी मनोज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर यह यात्रा निकाली गई है।
कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व सांसद मनोज कुमार, पूर्व विधायक पुष्पा देवी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




