Bishnupur (Gumla):  बिशुनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बिशुनपुर थाना परिसर में आगामी होली पर्व एवं ईद त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने की।

बैठक में एसआई कामू पासवान, एसआई पी. खलखो, प्रखंड पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी सहित शांति समिति के सदस्य, गणमान्य जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जो आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने अपील की कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा करने से बचें।

उन्होंने कहा कि ईद भी आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रखंड पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी ने भी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में निर्णय लिया गया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में विशेष गश्ती की व्यवस्था की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत थाना को सूचना देने का आग्रह किया गया।
बैठक का समापन आपसी सहयोग और भाईचारे के संकल्प के साथ किया गया।

— प्रदीप कुमार साहू की रिपोर्ट

Share.
Exit mobile version