Saraikela news: नगर पंचायत क्षेत्र के इंद्रटांडी मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक बिस्कुट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय सत्यनारायण त्रिपाठी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सत्यनारायण त्रिपाठी बिस्कुट के थोक व्यवसाय से जुड़े हुए थे और शहर में एक जाने-पहचाने कारोबारी माने जाते थे। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जाता है कि पत्नी के निधन के बाद वह पुनर्विवाह करना चाहते थे। पिछले कुछ महीनों से एक महिला के साथ उनके संबंधों की चर्चा भी स्थानीय स्तर पर हो रही थी।

परिजनों के मुताबिक दूसरी शादी को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से मतभेद चल रहा था। उनकी बेटियां इस फैसले का विरोध कर रही थीं। गुरुवार को भी इसी मुद्दे को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद के बाद सत्यनारायण अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

रात करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य उन्हें बुलाने पहुंचे तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने सरायकेला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के भीतर प्रवेश किया।

कमरे के अंदर सत्यनारायण त्रिपाठी का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं, इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Share.
Exit mobile version