फॉण्ट कनवर्टर NEW

सरायकेला में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; पांच बाइक बरामद

Saraikela News: जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में सरायकेला थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही

अपनी भाषा में पढ़ें

Saraikela News: जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में सरायकेला थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले के अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई और सफल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), करण बास्के (22 वर्ष) और कृष्णानाथ उर्फ दुख (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तीनों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों की निशानदेही पर एक पंजीकृत मोटरसाइकिल (जेएच-22एफ-8686) तथा चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह सरायकेला-खरसावां के अलावा आसपास के जिलों में भी मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क अन्य जिलों तक भी फैला हो सकता है।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा पहले से ही झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी तथा शस्त्र अधिनियम से जुड़े कई मामलों में आरोपित रह चुका है। वहीं करण बास्के के खिलाफ भी सरायकेला और गम्हरिया थाना में वाहन चोरी एवं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुड्डु, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, अवर निरीक्षक अरुण कुमार महतो, विनोद टुड्डु, सौरभ कुमार आहूजा, हवलदार राजेश उरांव, आरक्षी बॉबी कुमार झा, अनिल कुमार सहित सरायकेला थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी करने वाले गिरोह पुलिस की विशेष निगरानी में हैं और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram