फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार में 28 अक्टूबर से मौसम का यू-टर्न! बारिश और वज्रपात का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र के कारण बिहार में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव के क्षेत्र और पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने के प्रभाव से बिहार के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और 29 अक्टूबर को कुछ चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। त्योहारों के इस सीजन में अचानक आए इस मौसमी बदलाव ने प्रशासन और किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

वज्रपात और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार सतही हवाएं चलने के आसार हैं। वज्रपात के कारण मानव जीवन, पशुधन और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा तेज आंधी के कारण कच्चे मकानों, टिन की छतों और झुग्गी-झोपड़ियों को भी क्षति पहुंचने की आशंका जताई गई है, जिसे लेकर आपदा प्रबंधन ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

किसानों के लिए विशेष सलाह: पकी हुई फसलें सुरक्षित स्थान पर रखें

चूंकि वर्तमान समय खरीफ फसलों (विशेषकर धान) की कटाई का चल रहा है, इसलिए मौसम विभाग ने किसानों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी पकी हुई फसलों की तुरंत कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों या गोदामों में सुरक्षित भंडारित कर लें। जिन किसानों की फसलें खेतों में कटी हुई पड़ी हैं, वे उन्हें तिरपाल या अन्य माध्यमों से सुरक्षित ढंक दें। जब तक खराब मौसम का यह दौर चल रहा है, किसान कटाई का कार्य रोक दें और मौसम सामान्य होने पर ही खेतों का रुख करें।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आम लोगों को निर्देश

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन ने आम नागरिकों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गर्जन और वज्रपात (आकाशीय बिजली) के दौरान लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों के नीचे, जल स्रोतों (तालाब, नदी) के पास और बिजली के खंभों या ट्रांसफॉर्मर से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित पक्के मकानों के अंदर ही रहने की अपील की गई है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram