Patna: बिहार में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्यस्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का एक बेहतरीन मंच मिलने जा रहा है। आगामी 2 से 10 दिसंबर तक बिहार स्टेट गेम्स 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने समारोह में बिहार स्टेट गेम्स 2026 के आधिकारिक शुभंकर और जर्सी का अनावरण किया।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बड़ा माध्यम
इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार स्टेट गेम्स केवल एक खेल प्रतियोगिता मात्र नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें आगे बढ़ाने और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में खेलों के विकास के लिए लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता सिर्फ उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
2036 ओलंपिक और खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के 2036 ओलंपिक आयोजन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बिहार को भी अभी से अपनी खेल तैयारियों को मजबूत करना होगा। भविष्य में बिहार के अधिक से अधिक खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनें और ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करें, यही हमारा मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने जमुई के शैलेश कुमार सहित उन तमाम अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का विशेष उल्लेख किया जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से बिहार का मान बढ़ाया है। सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मान राशि के रूप में तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई है।
विभागों और संघों के समन्वय से हो रहा है आयोजन
खेल मंत्री ने जानकारी दी कि बिहार स्टेट गेम्स की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार ओलंपिक संघ के बीच लगातार आपसी समन्वय स्थापित किया गया है। आयोजन की रूपरेखा से लेकर इसके सफल संचालन तक सभी संस्थाएं मिलकर कार्य कर रही हैं। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित इस समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोकसंस्कृति की झलकियों के बीच शुभंकर और जर्सी का अनावरण किया गया। इस मौके पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार और सचिव प्रदीप कुमार समेत कई गणमान्य अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।






