Patna: बिहार में ई-गवर्नेंस व्यवस्था ने आम नागरिकों की राह बेहद आसान कर दी है। आरटीपीएस (लोक सेवाओं का अधिकार) पोर्टल के माध्यम से लोगों को जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज बनवाने में काफी सहूलियत मिल रही है। पंचायती राज विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2024 से सितंबर 2026 के बीच सिर्फ पंचायत स्तर पर इस पोर्टल पर 39 लाख 78 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से रिकॉर्ड 39 लाख 32 हजार से ज्यादा आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।
निपटारे के मामले में टॉप-5 जिले
आवेदनों के सफल निपटारे के मामले में मधुबनी जिले की पंचायतें पूरे बिहार में पहले स्थान पर हैं। यहां की 386 पंचायतों में दो वर्षों के दौरान 3 लाख 24 हजार से अधिक आवेदन मिले, जिनमें से 3 लाख 22 हजार का निस्तारण किया जा चुका है।
दूसरा स्थान: सिवान (2 लाख 97 हजार से अधिक आवेदन, जिनमें से 2 लाख 95 हजार का निपटारा)
तीसरा स्थान: सीतामढ़ी (1 लाख 99 हजार से अधिक आवेदन, 1 लाख 97 हजार से ज्यादा का निष्पादन)
चौथा स्थान: सारण (1 लाख 87 हजार आवेदन में से 1 लाख 84 हजार का निपटारा)
पाँचवा स्थान: पश्चिम चंपारण (1 लाख 53 हजार आवेदन में से 1 लाख 52 हजार का सफल निष्पादन)
पोर्टल पर उपलब्ध हैं 64 प्रकार की सेवाएं
आरटीपीएस पोर्टल (RTPS) पर नागरिकों की सुविधा के लिए कुल 64 प्रकार की सेवाएं लाइव हैं। आवेदक अपने लॉग-इन आईडी के जरिए न केवल अपने आवेदन की स्थिति (Status) को ट्रैक कर सकते हैं, बल्कि तैयार होने के बाद प्रमाण पत्र भी आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इस पूरी डिजिटल व्यवस्था ने सरकारी कामकाज को समयबद्ध और पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है।




