Bokaro News: स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज चास शाखा, बोकारो का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पटना स्थित आवास पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा से मिला। इस दौरान समाज की ओर से उन्हें आगामी 18 जनवरी 2026 को आयोजित एक दिवसीय पारिवारिक मिलन सह वनभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर उनके सामाजिक और जनसेवा के कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान समाज द्वारा बोकारो जिले में किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समाज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज केवल ब्रह्मर्षि समाज ही नहीं, बल्कि पूरे सनातन धर्म को सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में अब भी कई रूढ़िवादी व्यवस्थाएं मौजूद हैं, जिनका दुष्प्रभाव गरीब, कमजोर और असहाय वर्ग पर पड़ता है। विशेषकर माताओं-बहनों को इन परंपराओं के कारण अनावश्यक पीड़ा झेलनी पड़ती है।

उन्होंने चिंता जताई कि सनातन धर्म की इन कमजोरियों का गलत फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर धर्मांतरण की कोशिशें की जा रही हैं। ऐसे में ब्रह्मर्षि समाज को आगे आकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विवाह और मृत्युभोज जैसे सामाजिक विषयों में सकारात्मक पहल करनी चाहिए और अनावश्यक खर्च व कुरीतियों पर रोक लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

उप मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज चास शाखा के संरक्षक मंडल सदस्य अभय कुमार मुन्ना, उपाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह, नग नारायण कुँवर, भास्कर कुमार, रजनीश कुमार उर्फ सरदार सहित अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग का आग्रह भी किया।

Share.
Exit mobile version