Jamshedpur: आगामी शारदीय दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के आवासीय कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूजा की तैयारियों और समितियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
समिति के अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति जिले के दोनों अनुमंडलों और 11 प्रखंडों में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों को होने वाली परेशानियों के समाधान पर इस वर्ष विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति पिछले आठ वर्षों से जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जिले की पूजा समितियों को साथ लेकर काम कर रही है।
दुलाल भुइयां ने बताया कि 13 सितंबर 2026 को समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी संबद्ध पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। आमसभा में समिति के विस्तार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद संबंधित समस्याओं को जिला प्रशासन के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी समिति के प्रयास से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कई पूजा समितियों की समस्याओं का संबंधित विभागों के सहयोग से समाधान कराया गया था। इस वर्ष और अधिक सक्रियता के साथ काम किया जाएगा, ताकि सभी पूजा समितियां बिना किसी परेशानी के व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूजा का आयोजन कर सकें।
समिति के महासचिव ललन यादव ने बताया कि वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की 350 से अधिक पूजा समितियां सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति से जुड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्र की कुछ पूजा समितियों ने अनुज्ञप्ति की समस्या से अवगत कराया है। जिला प्रशासन के साथ होने वाली बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा कॉर्पोरेट संस्थानों से पेयजल, चलंत शौचालय, निःशुल्क बिजली कनेक्शन और भोग के लिए प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा।
वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि समिति सभी पूजा समितियों के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहेगी। पिछले वर्ष शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, अनुज्ञप्ति और कॉर्पोरेट सहयोग से जुड़ी समस्याओं का समिति के प्रयास से समाधान कराया गया था। उन्होंने कहा कि शहरी पूजा समितियों को अपेक्षाकृत सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं, लेकिन बंगाल और ओडिशा की सीमा से लगे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस बार ऐसी समितियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा, वरीय उपाध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा, बिरेन्द्र सिंह, हर्ष यादव, रामबाबू यादव, कार्यालय सचिव कमल राम यादव, सचिव निमाई मंडल, पवन उपाध्याय, नन्द किशोर ठाकुर, मन्नू मंडल, देवदर्शिनी बोस, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, कानूनी सलाहकार विप्लब भुइयां सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।




