कोडरमा। कोडरमा समग्र शिक्षा के द्वारा पीएम श्री परियोजना बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, कोडरमा में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और जागरूकता प्रसारण के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम ने दीप प्रज्वलन कर किया।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी और बीईईओ नागेश्वर प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।

एडीपीओ हरि उरांव ने आयोजन को सफलतापूर्वक संचालित किया। उद्घाटन संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम ने कहा, “नशा एक सामाजिक अपराध है, जो न केवल व्यक्ति की आत्मा को नष्ट करता है, बल्कि देश और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। हम सभी को मिलकर जागरूकता फैलानी चाहिए और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन और बिक्री कानूनन अपराध है और इससे लोगों को बचाने के लिए सतत प्रयास किए जाने चाहिए। वहीं बीईईओ नागेश्वर ने कहा कि नशा व्यक्ति और समाज दोनों के लिए विनाशकारी है, इससे मुक्ति हेतु सामूहिक जागरूकता अनिवार्य है। प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर्स अमित कुमार, हारून राशिद आलम ने विभिन्न प्रशिक्षण मॉड्यूल प्रस्तुत कर प्रतिभागियों को मादक पदार्थों की पहचान, उनके दुष्परिणाम, कानूनी पहलुओं एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। विक्रम परमार, कार्यालय सहायक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के दो-दो वरीय शिक्षक प्रहरी क्लब के सदस्य (प्रधानाध्यापक), बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी, तथा पंचायती राज विभाग के कर्मचारी सहभागी बने। एडीपीओ हरी उरांव ने कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं नशा मुक्ति के संकल्प के साथ किया। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे समाज में नशा उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगे

Share.
Exit mobile version