Lohardaga News: राजधानी रांची के पुराना विधानसभा सभा भवन में शनिवार को आयोजित झारखंड प्रदेश इंटक महाधिवेशन सह कार्यकारिणी बैठक संगठनात्मक शक्ति, श्रमिक एकजुटता और मजदूर हितों के प्रति प्रतिबद्धता का बड़ा मंच बनकर उभरा। ध्वजारोहण, दिवंगत इंटक नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे को श्रद्धांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस महाधिवेशन में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, श्रमिक अधिकारों की रक्षा और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को इंटक से जोड़ने की रणनीति पर व्यापक मंथन किया गया। महाधिवेशन को संबोधित करते हुए इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य श्रमिकों की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा रहा है। उन्होंने अपने बड़े भाई स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू और इंटक के महान नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और उद्योग-उद्योग तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा और मजबूत रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड का प्रत्येक जिला इंटक की ताकत का केंद्र बनेगा और मजदूरों की आवाज पहले से अधिक प्रभावी ढंग से उठेगी। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मजदूर देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और मजदूरों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा श्रमिकों और किसानों के संघर्ष से जुड़ा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मजदूरों की लड़ाई में कांग्रेस हर स्तर पर इंटक के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। महाधिवेशन में इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एन. जी. अरुण, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आर. एन. चौबे, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मणिका विधायक रामचंद्र सिंह, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सच्चिदानंद चौधरी, छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल, अरुण साहू, कुलदीप रवि सहित प्रदेशभर से आए इंटक पदाधिकारी, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को संगठन से जोड़ने, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
महाधिवेशन के समापन पर सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा मजदूरों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प लिया। यह महाधिवेशन झारखंड में इंटक के संगठनात्मक विस्तार और श्रमिक आंदोलन को नई दिशा देने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
