फॉण्ट कनवर्टर NEW

आसंगी चेक डैम में बड़ा हादसा, नहाने गए दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल आरआईटी थाना पुलिस

अपनी भाषा में पढ़ें

Adityapur News:  सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल आरआईटी थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।

काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने एक किशोर का शव डैम से बाहर निकाल लिया। उसकी पहचान आदित्यपुर के एस-टाइप निवासी लव कुमार के रूप में हुई। वहीं दूसरे किशोर उत्सव कुमार (15 वर्ष), जो आदित्यपुर के कल्पनापुरी का रहने वाला है, का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस और गोताखोर डैम के गहरे हिस्सों में लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन आसंगी चेक डैम पहुंच गए। अपने बच्चों की तलाश और एक की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिजन यह जानने की कोशिश करते रहे कि दोनों किशोर आखिर इतनी दूर स्थित चेक डैम तक कैसे पहुंचे और यह हादसा कैसे हो गया।

हादसे की खबर आसपास के क्षेत्रों में फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी डैम के पास जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता लापता किशोर को खोज निकालना है। उसके बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।

आसंगी चेक डैम में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे आदित्यपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन देर शाम तक बचाव अभियान में जुटे रहे और लापता किशोर की तलाश लगातार जारी थी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram